चोलापुर के इमिलिया गांव में बीते 10 मार्च की रात चार अज्ञात हमलावरों ने एक घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो गाड़ी में तोड़फोड़ कर हवाई फायरिंग कर दी। यह पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। मामले की शिकायत पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट वाराणसी को सौंप दी गई है। पीड़ित शुभम मिश्रा, पुत्र जगतनारायण मिश्रा, निवासी इमिलिया ने इस हमले को अपने और परिवार के खिलाफ रची गई साजिश बताया है। शुभम का आरोप है कि यह हमला सोएपुर निवासी आशीष दुबे की ओर से रंजिशन कराया गया, जो पहले उनका मित्र था, लेकिन अब दुश्मनी पर उतारू है। शुभम ने बताया कि आशीष दुबे ने पहले सोशल मीडिया के जरिए उन्हें और उनकी बहन को बदनाम करने की कोशिश की। यही नहीं, 16 अप्रैल को हुई बहन की शादी में भी विघ्न डालने की कोशिश की गई। घटना के बाद से पीड़ित परिवार डरा-सहमा है और खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। शुभम ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। इस संबंध में चोलापुर थाने के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार गौतम ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर बीएनएस की धाराओं 191(2), 351(2), 352, 324(4), 66 के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।