वाराणसी जिले में वार्ड नंबर 65 पुराना रामनगर के मल्हिया टोला स्थित नगर निगम के ट्यूबवेल का ताला तोड़कर चोरों ने उसमें लगे बिजली के तार काटकर चोरी कर लिए। इस घटना के कारण रविवार सुबह क्षेत्र के करीब पांच हजार लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ा। सुबह जब ट्यूबवेल चालू नहीं हुआ तो स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना नगर निगम को दी। मौके पर पहुंचे आपरेटर ने जांच की तो चोरी की जानकारी सामने आई।आपरेटर ने सुबह ही संबंधित विभाग के जेई को सूचना दी। वहीं दूसरी ओर पानी आपूर्ति बाधित होने से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी हुई। लोगों को मजबूरी में दूर-दराज के हैंडपंपों और निजी स्रोतों से पानी लाना पड़ा।सूचना के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों के मौके पर नहीं पहुंचने से नागरिकों में रोष व्याप्त था।