वाराणसी जिले में सर्राफा कारोबारी के कर्मचारी और उसके बेटे को गोली मारकर जेवरात लूटने वाले गिरोह का एक बदमाश बुधवार को पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आपरेशन चक्रव्यूह के तहत जांच के दौरान बदमाश पुलिस को देखकर भागने लगा। आशंका होने पर जब पुलिस ने पीछा किया तो बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस और बदमाश के बीच चार राउंड फायरिंग हुई।