वाराणसी। चौक थाने की पुलिस ने नए साल में पहली बार 545 किलोग्राम चीनी मांझा बरामद किया। साथ ही प्रतिबंधित चीनी मांझा बेचने के आरोपी गोविंदपुरा निवासी आरिफ अहमद को गिरफ्तार कर लिया। जब्त किए गए मांझे की कीमत साढ़े पांच लाख रुपये बताई गई है। चौकाघाट फ्लाईओवर पर प्रतिबंधित चीनी मांझे से गला कटने के कारण कज्जाकपुरा, कोनिया नई बस्ती इलाके के विवेक शर्मा (25) की मंगलवार को मौत हो गई थी। इसका संज्ञान पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने लिया। उन्होंने कमिश्नरेट की पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इसी क्रम में चौक थाने की पुलिस ने छत्तातले गली, दालमंडी स्थित एक मकान के स्टोर रूम पर छापा मारा और 545 किलोग्राम चीनी मांझा बरामद किया। एसीपी दशाश्वमेध प्रज्ञा पाठक ने बताया कि इंस्पेक्टर चौक विमल कुमार मिश्र को सूचना मिली थी कि गोविंदपुरा का आरिफ छत्तातले स्थित मकान से चोरी-छिपे चीनीमांझा बेच रहा है। इंस्पेक्टर ने दरोगा भृगुपति त्रिपाठी, सौरभ तिवारी व यशवंत सिंह की टीम के साथ मकान पर छापा मार कर मांझा बरामद किया।