सुल्तानपुर। परमानपट्टी गांव में 20 वर्षीय युवक संजय की मामूली विवाद में जमकर पिटाई की गई। गंभीर अवस्था में उसे बदमाश सड़क के किनारे फेंककर भाग निकले। स्थानीय लोगों ने परिजनों को सूचना दी,जिसके बाद पहुंचे परिजनों ने घायल अवस्था में संजय को घर लेकर चले गए, जहां रात में उसकी मौत हो गई। बृहस्पतिवार शाम करीब छह बजे संजय सब्जी लेने रामगढ़ बाजार गया था। वहां उसका कुछ लोगों से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद कुछ लोग उसे बाइक से उठाकर रामगढ़-काछा मार्ग पर उसके घर से लगभग 100 मीटर दूर घायल अवस्था में फेंककर भाग गए। लगभग एक घंटे बाद गांव वालों ने संजय को सड़क किनारे पड़ा देखा। परिजनों ने उसे घर पहुंचाया, लेकिन न तो पुलिस को सूचना दी गई और न ही उसे अस्पताल ले जाया गया। देर रात अचानक उसकी हालत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर राम कृष्ण चतुर्वेदी, कोतवाल प्रमोद मिश्रा और मोतिगरपुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने परिजनों से घटना के संबंध में पूछताछ की। मृतक के बड़े भाई रवि कुमार ने आरोप लगाया कि संजय को बेरहमी से पीटा गया था। उन्होंने बताया कि संजय की पीठ पर रॉड जैसी वस्तु से पिटाई के गहरे निशान थे और सिर व आंख के पास भी गंभीर चोटें थीं। रवि ने रामगढ़ में सब्जी की दुकान चलाने वाले एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। संजय अपने चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसके पिता परशुराम का दो वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। परिवार में मां सुनीता, दो विवाहित बहनें कंचन, रंजना और दो छोटे भाई मंजय व अमित हैं। सीओ राम कृष्ण चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, आरोप के आधार पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।