मंगलवार सुबह से हो रही झमाझम बारिश ने नगर पालिका और मंडी प्रशासन के दावों की पोल खोल दी। सुबह नौ से 10 बजे तक हुई बारिश से अमहट सब्जी मंडी तालाब में तब्दील हो गई। मंडी में बिक्री के लिए रखी सब्जियां गंदे पानी में तैरती नजर आईं। वहीं शास्त्रीनगर मोहल्ले में जलनिकासी बाधित होने से कई घरों तक पानी पहुंच गया, जबकि विवेकानगर, पंचरास्ता, डिहवा और दरियापुर में भी लोगों को जलभराव से जूझना पड़ा। मंडी के व्यापारी मोहम्मद शमीम लईया ने बताया कि हर महीने मंडी शुल्क और टैक्स देने के बावजूद नालियों की सफाई नहीं होती। महीनों से टेंडर लंबित होने के कारण पहली ही बारिश में पूरा परिसर जलमग्न हो जाता है और दूषित पानी में सब्जियां बेचने की मजबूरी बन जाती है। उधर शास्त्रीनगर निवासी आरपी श्रीवास्तव ने कहा कि हल्की बारिश में भी घरों के बाहर पानी भर जाता है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा।