दोस्तपुर थाना क्षेत्र के इमलीगांव में बुधवार सुबह खेत की जुताई के दौरान ट्रैक्टर पलटने से पोस्टमैन दिनकर चतुर्वेदी (55) की मौत हो गई। वह पानी भरे खेत में ट्रैक्टर से जुताई कर रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर कीचड़ में फंस गया। उसे निकालने के प्रयास में ट्रैक्टर अचानक पलट गया और वह उसके नीचे दब गए। ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर थाना प्रभारी नारदमुनि सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दिनकर इमलीगांव डाकघर में पोस्टमैन थे। हादसे के बाद पत्नी, बच्चों व अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।