सुल्तानपुर में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ निजी स्कूलों की मनमानी का मुद्दा गरमा गया है। कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल को पत्र लिखकर इस मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शकील अंसारी के नेतृत्व में लिखे गए पत्र में कहा गया है कि प्राइवेट स्कूल पूरी तरह से मनमानी पर उतर आए हैं। स्कूल प्रबंधन अभिभावकों पर अपनी बताई दुकानों से ही किताबें और यूनिफॉर्म खरीदने का दबाव बना रहे हैं। साथ ही फीस में भी मनमानी वृद्धि की जा रही है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महंगाई के इस दौर में अभिभावकों के लिए घर चलाना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में स्कूलों की यह मनमानी उन्हें मानसिक प्रताड़ना दे रही है। पार्टी ने इस आचरण को लोकतंत्र और कल्याणकारी राज्य के सिद्धांतों के खिलाफ बताया है। पत्र में राज्यपाल से मांग की गई है कि वे इस मामले का संज्ञान लें और निजी स्कूलों के लिए फीस, किताबों और यूनिफॉर्म के संबंध में एक न्यायसंगत नियमावली तत्काल बनवाएं। इस पत्र पर विनोद राणा, असलम अंसारी, सिराज सिद्दीकी, सुनील सिंह चौहान, इमरान अहमद, प्रदीप सिंह कूरेभार, हरिराम वर्मा और धर्मेंद्र प्रताप सिंह सहित कई कांग्रेस नेताओं के हस्ताक्षर हैं।