सुल्तानपुर में कूरेभार थाना क्षेत्र के बहादुर मठिया निवासी 19 वर्षीय सूरज वर्मा का शव सोमवार को नदी से बरामद कर लिया गया। वह रविवार शाम को नदी में डूबा था। स्थानीय गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद शव निकाला। जानकारी के अनुसार, नील सहिया पुल की जांच के लिए सेतु निगम और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। इस सूचना पर बहादुर मठिया गांव से लगभग 300 ग्रामीण भी वहां जमा हुए थे। ग्रामीणों के मुताबिक, वापसी के दौरान शाम हो चुकी थी और वहां केवल एक ही नाव उपलब्ध थी। ऐसे में कुछ युवक नदी तैरकर पार करने लगे, जिनमें सूरज वर्मा भी शामिल था। अन्य लोग सुरक्षित बाहर आ गए, लेकिन सूरज किनारे पहुंचने से पहले भंवर में फंसकर डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर ग्रामीणों को मदद के लिए बुलाया, जिसके बाद युवक के परिजन भी नदी किनारे पहुंच गए। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर काफी देर तक नदी में युवक की तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू किया, जो अंधेरा होने तक जारी रहा। सोमवार को एसडीआरएफ टीम के पहुंचने से पहले ही स्थानीय गोताखोरों ने सूरज का शव नील सहिया पुल के पास से बरामद कर लिया। बताया जा रहा है कि मृतक सूरज पांच भाइयों में सबसे बड़ा था। वह मेरठ में रहता था और पांच दिन पहले ही अपने घर आया था। इस घटना से परिवार में शोक का माहौल है। एसओ उपेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।