यूपी के सुल्तानपुर में धनपतगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर सोमवार को दो पक्षों में विवाद हो गया। कुछ ही समय में विवाद मारपीट में बदल गया। सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन, दोनों पक्ष पुलिस के सामने भी मारपीट करते रहे। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया गया कि धनपतगंज कस्बा में महिलाओं के बीच में विवाद हुआ था। इसी को लेकर दोनों पक्ष मेडिकल कराने सीएचसी, धनपतगंज पहुंचे थे। मेडिकल के दौरान ही दोनों पक्ष फिर से भिड़ गए। सीएचसी परिसर में ही लात-घूंसे चलने लगे। मौके पर मौजूद डायल-112 पुलिस ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन दोनों पक्षों ने पुलिस के सामने ही एक-दूसरे पर हमला जारी रखा। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर अलग किया। धनपतगंज थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जानकारी मिली है। दोनों पक्षों की तरफ से तहरीर का इंतजार किया जा रहा है। वायरल फुटेज और वीडियो के आधार पर जांच करके कार्रवाई की जाएगी।