सुल्तानपुर में शनिवार को अंतराष्ट्रीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष व भाजपा के पूर्व सांसद बृज भूषण शरण सिंह एक निजी कार्यक्रम में पहुंचे। यहां उन्होंने एक प्राइवेट हॉस्पिटल में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं रायबरेली सांसद राहुल गांधी को निशाने पर लिया। पूर्व सांसद ने कहा कि राहुल गांधी के चार-छह साल के बयान देख लीजिए। यह कांग्रेस का दुर्भाग्य है कि राहुल जैसे नेता को ढो रहे हैं। इनकी पार्टी इसी में समाप्त हो गई है। बाकी जो बची है, समाप्त हो जाएगी। अभी मैं उनका बयान देख रहा हूं कि कितने जहाज गिरे। क्या आप चाहते हैं कि हिंदुस्तान के सब जहाज पाकिस्तान मार गिराए। इसी में आपको खुशी होगी क्या? आप ये हिसाब-किताब, लेखा-जोखा जो मांग रहे हैं, ये 10 दिन बाद भी मांग सकते हैं। बृजभूषण ने आगे कहा कि राहुल कहते थे कि सरकार जो भी करेगी, हम उसके साथ हैं। अरे अभी राख भी ठंडी नहीं हुई, महाराज (राहुल गांधी) लेखा-जोखा मांगने लगे। आप ऐसा लेखा-जोखा मांगते हो, ऐसे प्रश्न करते हो, जिससे पाकिस्तान में खुशी की लहर दौड़ जाती है। पाकिस्तान की मीडिया उसको उठाती है। क्या आपको अपने देश की सेना पर भरोसा नहीं है? उन्होंने आगे कहा कि मैं मानता हूं कि आप प्रधानमंत्री को प्रधानमंत्री नहीं मानते हो, क्योंकि आपको लगता है कि प्रधानमंत्री पद आपके खानदान का पेटेंट है। अगर राहुल इस देश को अपना देश, देश की सेना को अपनी सेना मानते हो तो ऐसे सवाल नहीं करते। इसलिए मैं राहुल के बयान की घोर निंदा करता हूं।