डीएम बद्रीनाथ सिंह ने रामलीला मैदान में बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत पंजीकृत पारंपरिक कारीगरों एवं शिल्पकारों के लिए आयोजित दो दिवसीय प्रदर्शनी सह व्यापार मेले का शुभारंभ फीता काटकर किया। इस दौरान डीएम ने विभिन्न स्टालों का भ्रमण किया। स्थानीय कारीगरों की ओर से निर्मित उत्कृष्ट उत्पादों की सराहना भी की। डीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना हमारे पारंपरिक हुनरमंदों को मुख्यधारा से जोड़ने का एक क्रांतिकारी कदम है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले प्रत्येक इच्छुक कारीगर का पंजीकरण और मार्गदर्शन सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर सीडीओ जागृति अवस्थी ने कहा कि कारीगरों को केवल उत्पादन तक सीमित न रहकर मार्केटिंग, पैकेजिंग एवं ब्रांडिंग पर विशेष ध्यान देना चाहिए। कार्यक्रम में एमएसएमई विकास कार्यालय वाराणसी के निदेशक एलबीएस यादव, डीजीएम रितेश कुमार सिंह, उपायुक्त विनोद चौधरी, आईटीआई प्राचार्य रवींद्र पटेल आदि मौजूद रहे।