सोनभद्र जिले की निकायों में सोमवार को संभव दिवस पर 23 प्रार्थना पत्र आए। सभी का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। ज्यादातर शिकायतें पथ प्रकाश, पेयजल और सफाई से संबंधित थीं। डाला नगर पंचायत में कोई फरियादी नहीं पहुंचा। नगर पालिका सोनभद्र में चेयरमैन रूबी प्रसाद ने शिकायतें सुनीं। यहां वार्ड नंबर छह निवासी अर्जुन प्रकाश सोनकर ने बताया कि पाइप लाइन बिछाने के लिए जेसीबी से खोदाई के दौरान नल कनेक्शन वाले पाइप को तोड़ दिया गया। इससे घर में पानी नहीं आ रहा। ठेकेदार से हर रोज शिकायत करते हैं तो वह आज-कल कहते हुए टाल रहा है। पानी का संकट गहराता जा रहा है। चेयरमैन ने मौके पर टीम भेजकर समस्या के हल का आश्वासन दिया। बढ़ौली के रामसकल चौबे ने अनुसूचित जाति की बस्ती में जलभराव से बारिश जैसी स्थिति होने के चलते बीमारी का अंदेशा जताते हुए समाधान की मांग रखी। संभव दिवस में कुल तीन प्रार्थना पत्र आए। इसके अलावा नगर पंचायत घोरावल में एक, चुर्क घुर्मा में दो, चोपन में दो, ओबरा में तीन, रेणुकूट में तीन, पिपरी में चार, दुद्धी में दो, अनपरा में तीन प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। सभी शिकायतों का तत्काल निस्तारण कराया गया। नोडल अधिकारी विजय कुमार यादव ने बताया कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की शीर्ष प्राथमिकता पर किया जा रहा है।