नगर स्थित एक होटल में रविवार की रात आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान बराती और कैटरिंग स्टाफ के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना की जानकारी पर पहुंची ओबरा पुलिस ने दोनों पक्षों से लोगों को थाने ले आई। पुलिस ने शांति भंग में 06 लोगों का चालान कर दिया। रविवार की रात ओबरा के भलुआ टोला स्थित होटल में भवनाथपुर झारखंड से बरात आई थी। लड़की पक्ष वाले कोन बरवाडीह के निवासी हैं। रात में देरी से पहुंचे बरातियों ने जब शादी में लगे जूस काउंटर पर जूस की मांग की तो काउंटर संचालक ने समय का हवाला देते हुए मना कर दिया। इसके बाद बराती पक्ष और जूस काउंटर संचालक के बीच तीखी बहस हुई। बरातियों ने कैटरिंग स्टाफ की शिकायत होटल के मैनेजर से की। होटल के मैनेजर ने बरातियों की मांग को पूरा करने के लिए कैटरिंग स्टाफ से कहा गया तो नशे में धुत कैटरिंग स्टाफ मारपीट पर उतारू हो गए। इसके बाद काफी देर तक असहज स्थिति बनी रही और जमकर लाठी डंडे चले। सोमवार की भोर में होटल मैनेजर की सूचना पर पहुंची पुलिस मारपीट कर रहे लोगों को बैठाकर थाने ले गई। पुलिस ने 06 लोगों का शांति भंग में चालान कर दिया। ओबरा प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों ने सुलह समझौता कर लिया है। हालांकि श्याम जी सोनू, प्रभु निवासी सेक्टर 08, सालिम कुमार निवासी शारदा मंदिर, अनिल निवासी बिल्ली स्कूल, कुलदीप निवासी चोपन रोड, संतोष कुमार निवासी चूड़ी गली का चालान शांति भंग में कर दिया गया है।