तेज आंधी, बारिश और तूफान से हुई जनहानि के बाद समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड, सदर विधायक भूपेश चौबे और डीएम चर्चित गौड़ ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। शोक संवेदना व्यक्त करते हुए मृतक कमलावती, रामविलास और महेंद्र के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड ने कहा कि प्राकृतिक आपदा में अपनों को खोने वाले परिवारों के साथ शासन पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ा है। उन्होंने बताया कि राहत आयुक्त कार्यालय के माध्यम से मृतकों के परिजनों के बैंक खातों में 24 घंटे के भीतर चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता भेजने की कार्रवाई जिला प्रशासन की ओर से सुनिश्चित कराई गई है। साथ ही शासन की अन्य योजनाओं और सुविधाओं का लाभ भी पीड़ित परिवारों को उपलब्ध कराया जाएगा। डीएम चर्चित गौड़ ने संबंधित अधिकारियों को राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराई जाए और प्रशासन लगातार आपदा प्रभावित क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए है। इस दौरान एसडीएम सदर अश्विनी कुमार, प्रधान अखिलेश कुमार आदि मौजूद रहे।