आकांक्षी ब्लाक और आकांक्षी जनपद के संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह का आयोजन शुक्रवार को नगर के विवेकानंद प्रेक्षागृह में किया गया। इस दौरान समूह की महिलाओं का सम्मानित किया गया। इस दौरान सीडीओ जागृति अवस्थी ने बताया कि सोनभद्र देश के आकांक्षी जनपदों में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। कार्यक्रम में आकांक्षा हाट भी सजाया गया। इसमें समूह की महिलाओं के स्वनिर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई। इसके पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि सदर भाजपा विधायक भूपेश चौबे और सीडीओ जागृति अवस्थी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समारोह में स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण समेत विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल भी लगाए गए। इस मौके पर मुख्य अतिथि भाजपा विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि देश के 112 अति पिछड़े जिलों में शामिल सोनभद्र में केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। इससे ग्रामीण महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हुई हैं। सीडीओ जागृति अवस्थी ने कहा कि सभी विभागों के समन्वय से जनपद को पहले स्थान पर लाने का प्रयास किया जा रहा है। दिव्यांग बच्चों को आवश्यक सामग्री दी जा रही है, जबकि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर की वैक्सीन दी जा रही है। इस अवसर पर विभागीय अधिकारी, समूह की महिलाएं व स्वयं सहायता समूह की सखियां उपस्थित रहीं।