चक्रवाती तूफान अर्नब का बृहस्पतिवार को जिले में असर नजर आया। देर रात से शुरू हुई बारिश पूरे दिन जारी रही। आसमान में बादलों के चलते दोपहर में ही शाम जैसी स्थिति बन गई। रुक-रुककर होती रिमझिम बारिश ने सावन की याद दिलाई तो सिहरन भरी हवाओं ने बढ़ती ठंड का अहसास कराया। तापमान में भी तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई। उधर, मौसम के इस बदले मिजाज ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। धान और खरीफ की अन्य फसलों के लिए बारिश और तेज हवाओं को काफी नुकसान दायक माना जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक तूफान के लिहाज से जिले में शुक्रवार का दिन बेहद अहम होगा।