बीजपुर क्षेत्र में रविवार रात गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश से नदी-नाले उफान पर आ गए। एनटीपीसी आवासीय परिसर के एनएच-वन में कई कमरों में नाले का पानी घुस गया। इससे कमरों में रखा सामान डूबने लगा और लोगों की रात की नींद उड़ गई। सूचना पर पहुंची केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की टीम ने राहत कार्य चलाकर लोगों को सुरक्षित बचाया। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश के कारण कई पुलिया बह गईं और कच्चे मकान धराशायी हो गए। बीजपुर ग्राम पंचायत के शांतिनगर टोला निवासी सुशीला पत्नी राजेंद्र शर्मा के कच्चे मकान का एक हिस्सा ढह गया। अंजानी ग्राम पंचायत निवासी छत्रधारी धरकार का मकान भी पूरी तरह ढह गया।