उत्तर प्रदेश बिजली कर्मचारी संघ एटक ने संविदा कर्मियों की समस्याओं को लेकर अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर प्रदर्शन किया। संविदा कर्मचारियों का शोषण का आरोप लगाते हुए अधीक्षण अभियंता को तीन सूत्री ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन में वक्ताओं ने कहा कि बिजली निगम में संविदाकर्मियों का शोषण बढ़ता जा रहा है। अधिकारी मनमाने तरीके से वेतन काट रहे हैं। कर्मचारियों को कार्य से हटाने की घटनाएं आम हो गई हैं। संविदाकर्मी अनुबंध के तहत मेंटनेंस और परिचालन का कार्य करते हैं, लेकिन उनसे अतिरिक्त रूप से राजस्व वसूली और असिस्टेंट बिलिंग का कार्य भी लिया जा रहा है। इसके बावजूद अधिकारियों का मनमाना रवैया कर्मचारियों के लिए मानसिक तनाव का कारण बन रहा है। कर्मचारियों ने राजस्व वसूली के लिए प्रत्येक उपकेंद्र पर नियमित कर्मचारियों की टीम का गठन करने, संविदाकर्मियों के साथ श्रम कानूनों के तहत व्यवहार करने, मनमानी वेतन कटौती और छंटनी पर रोक लगाने की मांग की। जिलाध्यक्ष ज्योति कुमार, जिला सचिव अभय पांडेय ने कहा कि अगर जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो संगठन उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।