बिजली दरों में वृद्धि, निगमों के निजीकरण, खाद-बीज की किल्लत सहित अन्य मुद्दों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता 18 को विधानसभा का घेराव करेंगे। यूपी कांग्रेस कमेटी के प्रदेश उपाध्यक्ष व जिले के प्रभारी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने सोमवार को यह जानकारी दी।नगर के एक होटल में प्रेस से वार्ता में उन्होंने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। आए दिन अपराधिक घटनाएं इसका सबूत हैं। ठंड में भी स्कूली बच्चों को स्वेटर मोजा जूता न उपलब्ध होना, बेरोजगारी और गुजराती कंपनियों को ठेका देने के मुद्दे पर भी सरकार से जवाब लिया जाएगा। सोनभद्र से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता लखनऊ पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार बिजली निगम का निजीकरण सिर्फ गुजराती कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए कर रही है। निजीकरण से सविंदा मज़दूरों के साथ उपभोक्ता का भी जमकर शोषण होगा। महंगाई और बेरोजगारी को लेकर आम आदमी त्रस्त है। संविधान के साथ छेड़छाड़ किया जा रहा है। योगी सरकार सिर्फ धार्मिक आधार पर ध्रुवीकरण करने का काम कर रही है। इन्हीं सब मुद्दों को विधानसभा घेराव के दौरान प्रमुखता से उठाया जाएगा।