सोनभद्र के दुद्धी स्थित स्थानीय कोतवाली अंतर्गत ठेमा नदी में सोमवार की शाम नहाते समय सात वर्षीय बालक डूब गया। गोताखोरों की मदद से डूबे बालक की तलाश शुरू की गई, लेकिन देर शाम तक उसका पता नहीं चला था। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दुद्धी के खजुरी गांव निवासी सिराजुद्दीन अपने पुत्र अरशद (7) के साथ ठेमा नदी में नहाने आया था। कुछ देर के लिए पिता का ध्यान हटा तो बालक नदी में चला गया और डूबने लगा। जब तक लोग बचा पाते वह गहरे पानी में चला गया। आसपास के गोताखोर व तैराकों ने नदी में उतरकर बालक की तलाश शुरू की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। पिता सिराजुद्दीन ने बताया कि बेटा स्कूल से आते ही बगैर कुछ खाए पीए उसके साथ बाइक पर बैठकर नदी नहाने आया था। सूचना पर पहुंचे कोतवाल मनोज सिंह बालक की तलाश में लगे रहे।