खबर सोनभद्र से है। प्रदेश सरकार के मत्स्य विभाग के मंत्री डॉ. संजय निषाद ने सपा सुप्रीमो को अपराधियों का मनोबल न बढ़ाने की सलाह दी है। कलेक्ट्रेट सभागार में पत्रकारों से वार्ता में जाति पूछकर एनकाउंटर के सवाल पर कहा कि अपराधियों की कोई जाति नहीं होती। ऐसे बयानों से जाहिर है कि सपा अपराधियों को संरक्षण देती रही है और उन्हीं के बल पर सरकार चलाती रही। इन्होने कहा कि सपा सुप्रीमो को ऐसे बयान नहीं देने चाहिए। इससे अपराधियों का मनोबल बढ़ता है और अपराध होते हैं। बेहतर होगा कि वह जनता को सुख-शांति और खुशहाली प्रदान करने वाले कार्य करें। सपा के पूर्व मंत्री के बयान पर कहा कि भारत भारतीयों का है। यहां रहने वाले हर व्यक्ति को भारतीय संस्कृति का पालन करना चाहिए। बताया कि सोनभद्र में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए यहां जलाशयों में माता सुकेता के नाम से केज कल्चर का विकास कराया जाएगा। हाईटेक तकनीक से मत्स्य पालन की प्रक्रिया कराई जाएगी। कहा कि पूर्व की सरकारों में दूसरे वर्ग के लोगों ने गलत तरीके से तालाबों का ठेका पाकर मछुआ समाज के अधिकारों को छीना है। इसकी जांच कर सुधार के निर्देश दिए गए हैं।