सीतापुर। संदना इलाके में रविवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। एक खेत में एक अज्ञात व्यक्ति का शव बिना सिर के पड़ा मिला। शव के आसपास किसी के नंगे पैर भागने के निशान भी मिले हैं। पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, शव के शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। देवरी खुर्द गांव निवासी सुरजबली के खेत में रविवार को ग्रामीणों ने एक शव देखा। पास जाकर देखने पर ग्रामीणों के होश उड़ गए। शव की गर्दन धड़ से अलग थी और मौके पर सिर मौजूद नहीं था। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। डॉग स्क्वाड और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। एडिशनल एसपी दुर्गेश कुमार, सीओ बृजेश कुमार ने घटनास्थल को देखा। शुरुआती जांच में सिर का कोई अता-पता न चलने पर डॉग स्क्वाड और फोरेंसिक टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान घटनास्थल के पास किसी के नंगे पैर भागने के निशान भी मिले हैं, जिनकी फोरेंसिक टीम द्वारा माप ली गई है। आसपास के खंगाले जा रहे गुमशुदगी के रिकॉर्ड अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला लग रहा है। पुलिस का मुख्य ध्यान फिलहाल मृतक की पहचान (शिनाख्त) करने पर है। इसके लिए स्थानीय पुलिस के साथ-साथ आसपास के थानों और नजदीकी जिलों से हाल ही में दर्ज हुई गुमशुदगी के मामलों का ब्योरा जुटाया जा रहा है।