यूपी के सीतापुर में शुक्रवार को डीएम के आदेश पर विवाहिता का शव कब्र से निकाला गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतका के पिता ने अपने दामाद समेत चार लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदपुर कदीम की है। मूल रूप से रामपुर मथुरा क्षेत्र के अलायपुर निवासी बकरीदी ने केस दर्ज कराया है। इसमें बताया कि उन्होंने आठ साल पहले अपनी बेटी जाकिरून बानो (30) का निकाह मोहम्मदपुर कदीम निवासी इसराइल के साथ किया था। निकाह के बाद से ही ससुरालीजन बेटी को प्रताड़ित करने लगे थे। बीती 19 मई की रात ससुरालीजनों ने बेटी को बुरी तरह पीटा। दरअसल, जाकिरून के देवर शकील को शादी में काफी दहेज मिला था। ससुरालीजन बेटी को कम दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति इसराइल समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।