यूपी के सीतापुर में शुक्रवार की दोपहर बच्चों को छोड़ने जा रही एक स्कूली बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इसकी चपेट में आकर एक मासूम की मौत हो गई। बस में वह बस के नीचे दब गया। वहीं बस अनियंत्रित होकर पलटने से बस सवार स्कूली बच्चे घायल हो गए। सूचना पर आई पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बस सवार बच्चो को सीएचसी भेजा। वहीं, बस के नीचे दबे मासूम को निकाला, उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। महमूदाबाद के गोडैचा चौराहा पर सपा सरकार में मंत्री रहे नरेंद्र वर्मा का सरदार वल्लभ भाई पटेल कन्या शिक्षण संस्थान है। दोपहर करीब 2.30 बजे बस छुट्टी के बाद बच्चों को लेकर हलीमनगर की तरफ जा रही थी। मियांपुरवा से रसूलपुर जाने वाले मार्ग पर थानगांव थाना क्षेत्र के ललकपुरवा के पास ग्वारी निवासी शहनवाज (8) सड़क पार कर रहा था। बालक को बचाने के चक्कर में बस अनियंत्रित हो गई। इसके बाद बालक को टक्कर मारने के बाद सड़क किनारे गड्ढे में गिर गई। शहनवाज बस के नीचे दब गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष अतुल शुक्ला, रेउसा एसओ हनुमंत तिवारी, सदरपुर इंस्पेक्टर मुकुल प्रकाश वर्मा, रामपुर मथुरा इंस्पेक्टर कृष्ण नंदन तिवारी पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। बस में सवार कई बच्चे भी घायल हुए हैं। उनको सीएचसी, रेउसा में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पूर्व मंत्री नरेंद्र वर्मा ने फेसबुक पर पोस्ट शेयर किया। उसमें लिखा कि सरदार बल्लभ भाई पटेल कन्या शिक्षण संस्थान गोडैचा चौराहा महमूदाबाद की बस जोकि विद्यालय के बच्चों को उनके घर वापस छोड़ने जा रही थी, अभी तक प्राप्त जानकारी के अनुसार एक बच्चे को बचाने के चक्कर मे पलट गई! इस दुर्घटना में उस बच्चे की मौत हो गई। बस में सवार अन्य बच्चे भी आशिंक रूप से चोटिल हो गए! हम इस दुख की घड़ी में मृतक बच्चे के परिजनों के साथ हैं। विद्यालय परिवार पीड़ित परिजनों की हर सम्भव मदद करेगा। इस घटना के बस में बैठे विद्यालय के कुछ बच्चे आंशिक रूप से घायल हुए हैं। उनका रेउसा अस्पताल में प्राथमिक उपचार चल रहा है। ईश्वर मृतक बच्चे की आत्मा को शांति दे। घायल बच्चों को शीघ्र स्वास्थ लाभ प्रदान करें।