जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में गुरुवार को 33वें जनपद स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा समारोह का रंगारंग आगाज हुआ। दो दिन तक चलने वाले समारोह में ब्लॉकवार बच्चे विभिन्न खेल व सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। मुख्य अतिथि डुमरियागंज सांसद जगदम्बिका पाल ने समारोह का औपचारिक शुभारंभ बच्चों से मार्च पास्ट की सलामी लेकर व गुब्बारे हवा में छोड़कर किया। गत वर्ष की चैम्पियन बढ़नी विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय बैरिहवा की मोहिनी ने मशाल लेकर मैदान का एक चक्कर लगाया और मुख्य अतिथि को सौंपा।