सोनवा क्षेत्र के लक्ष्मन नगर चौकी क्षेत्र के ग्राम पंचायत फतुहापुर के मजरा बेडसरी निवासी रामदुलारी (70) का शव शनिवार की सुबह घर के पास कुएं में उतराता मिला। शव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी है। मृतका रामदुलारी के बेटे माता प्रसाद ने बताया कि उनकी मां बीमार रहती थी। उनकी मानसिक स्थिति भी बहुत अच्छी नहीं थी और वो अचानक कहीं भी चली जाती थी। शुक्रवार की रात सभी लोग खाना खाकर सो गए थे। सुबह उठे तो उनकी मां बिस्तर पर नहीं थीं। खोजबीन के दौरान उनका शव घर के पास कुएं में उतराता मिला। परिजनों की सूचना पर सोनवा थाना प्रभारी बिशुनदेव पांडेय और लक्ष्मणपुर चौकी प्रभारी उमेश वर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। थाना प्रभारी ने बताया कि ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हर पहलू की जांच की जा रही है।