लखाही खास के मजरा नारायनपुर से पत्थर गिराकर लौट रही ट्रैक्टर-ट्राली लखाही खास गांव के पास सोमवार को अनियंत्रित हो पलट गई। घटना में ट्रैक्टर पर सवार किशोर की नीचे दबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची लक्ष्मनपुर चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दिया है। गोंडा जिले में थाना परशपुर अंतर्गत ग्राम ठेकेदारनपुरवा माझा निवासी पुत्तीलाल यादव ट्रैक्टर-ट्राली लेकर अंधरपुरवा खजुहा झुलझुनिया तटबंध निर्माण में काम करने आया था। इस दौरान उसके साथ उसका पुत्र संजय यादव उर्फ छोटू (17) भी था। सोमवार को दुखी यादव ट्रैक्टर-ट्राली से पत्थर गिराने लखाही खास के मजरा नारायणपुर आया था। वापस लौटते समय लखाही खास गांव दुखी ट्रैक्टर खड़ा कर कही गया था। इस दौरान ट्रैक्टर पर संजय मौजूद था। ट्रैक्टर में चाभी लगे होने के कारण उसने ट्रैक्टर स्टार्ट कर दिया। इस दौरान ट्रैक्टर गियर में होने के कारण अनियंत्रित हो पलट गया, जिसके नीचे दबने से संजय की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे लक्ष्मननगर चौकी प्रभारी वीरपाल तोमर ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।