ग्राम पंचायत इटवरिया के मजरा लोधनपुरवा निवासी एक महिला ने मंगलवार को कुछ लोगों पर दबंगई का आरोप लगाते हुए ट्रैक्टर से निर्माणाधीन दीवार गिराने का आरोप लगाया है। साथ ही महिला व उसके परिजनों को लाठी-डंडों से पीटने व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए विधायक व थाने में तहरीर दी है। इकौना थाना क्षेत्र के लोधनपुरवा निवासी शांति देवी ने इकौना थाने में तहरीर देकर बताया कि वो अपनी जमीन पर दीवार बनवा रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव निवासी कुछ दबंग मंगलवार की सुबह उनके घर आ धमके और दो ट्रैक्टर की मदद से उनकी निर्माणाधीन दीवार और पिलर को जबरन उखाड़ दिया। शांति देवी का आरोप है कि यह विवाद उनकी पुश्तैनी जमीन को लेकर चल रहा है। विपक्षी ने उनकी जमीन को बेईमानी से हड़पकर अपना चक बनवा लिया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़िता ने स्थानीय विधायक और पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। इकौना थाना प्रभारी परमानंद तिवारी ने बताया कि भूमि विवाद का मामला है। मामले की जांच की जा रही है, जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।