भिनगा-बहराइच फोरलेन मार्ग पर सोमवार की रात तेज रफ्तार कार बाइक से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार चार मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। चारों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान दो की मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो मजदूरों को ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। हादसे के बाद कार चालक मौके से भाग गया। मल्हीपुर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बाबूपुरवा निवासी बृजेश कुमार(45) सोमवार की सुबह मजदूरी करने के लिए बाइक से भिनगा आए थे। उनके साथ इसी थाना क्षेत्र सेमरहनिया गांव निवासी सुखराम (30), मोल्हेराम (32) और संगमपुरवा निवासी संजय यादव(27) भी सवार थे। शाम को काम खत्म होने के बाद चारों एक ही बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इस दौरान भिनगा-बहराइच फोरलेन मार्ग पर सिसवा मोड़ के पास उनकी बाइक व कार से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चारों उछल कर दूर जा गिरे ओर कार सड़क से नीचे उतर गई। हादसे में गंभीर रूप घायल चारों मजदूरों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिनगा पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने सुखराम को मृत घोषित कर दिया। वहीं तीन अन्य को प्राथमिक इलाज के बाद मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान बृजेश ने भी दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल दो मजदूरों मोल्हेराम व संजय यादव की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। हादसे की सूचना पर पहुंचे सिविल लाइन चौकी प्रभारी राम भवन प्रजापति, कोतवाल राज प्रकाश सिंह ने मृतकों के परिजनों से जानकारी ली और हादसे की जांच में जुट गए। मृतक बृजेश के बड़े भाई धनीराम ने बताया मृतक अपने पीछे तीन बच्चों को छोड़ गए हैं। वहीं, कोतवाल राज प्रकाश सिंह ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शव पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।