यूपी के श्रावस्ती में शनिवार की दोपहर नहाते समय दो भाई नहर में डूब गए। खबर मिली तो घर में चीख पुकार मच गई। कुछ ही देर में लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस गोताखोरों की मदद से उनकी तलाश करने में जुटी है। मामला हरदत्त नगर गिरंट थाना क्षेत्र के देवरा के माजरा भाटनदेवरा गांव का है। गांव निवासी सरवर (24) पुत्र शेर अली अपने छोटे भाई बसारत (22) के साथ दोपहर को राप्ती सरयू योजक नहर में नहाने गया था। दोनों ने अपनी चप्पल, कपड़ा, साबुन, तौलिया समेत अन्य सामान नहर के किनारे रख दिया। इसके बाद नहर में नहाने लगे। इसी समय पैर फिसलने से सरवार अचानक गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के लिए बसारत भी गहरे पानी में उतर गया। कुछ ही देर में दोनों भाई नहर में डूब गए। पास में मवेशी चरा रहे चरवाहों ने देखा तो भागकर पहुंचे। उन्होंने गांव आकर इसकी सूचना ग्रामीणों और परिजनों को दी। खबर मिली तो परिजन और ग्रामीण भागकर पहुंचे। उधर सूचना पर नायब तहसीलदार विजय प्रकाश गुप्ता के साथ मौके पर थानाध्यक्ष सौरभ सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस गोतोखोर की मदद से दोनों की तलाश करा रही है।