श्रावस्ती के गिलौला कस्बा में किराये के मकान में रह रहे युवक की शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव उसी के कमरे में छत के कुंडे से रस्सी के फंदे के सहारे लटका मिला। मौके पर पहुंची गिलौला पुलिस ने घटना की जानकारी ली। बहराइच के विशेश्वरगंज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बुढ़नी निवासी पुत्ता उर्फ अली हुसैन (18) पुत्र प्रताप उर्फ हसन अली काफी समय से गिलौला कस्बे में ईदगाह मोहल्ला निवासी हबीब दर्जी के मकान में किराए पर रहता था। उसके परिवारीजन देवरिया जिले में किसी ईंट भट्ठे पर काम करते हैं। पांच दिन पूर्व पुत्ता देवरिया से वापस गिलौला आया था। सुबह काफी देर तक जब पुत्ता अपने कमरे से नहीं निकला तो मकान मालिक ने आवाज दी। अंदर से कोई आवाज न आने पर हबीब दर्जी ने झांक कर देखा तो उसका शव कमरे की छत के कुंडे में रस्सी के फंदे के सहारे लटक रहा था। इसकी सूचना हबीब ने गिलौला पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने रस्सी काटकर शव को फंदे से नीचे उतारा। थानाध्यक्ष जयहरि मिश्रा का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा, उसी के अनुसार कार्रवाई होगी।