यूपी के श्रावस्ती में नेपाल सीमा से सटे इलाकों में फर्जी जाति, आय व निवास प्रमाणपत्र सहित आधार कार्ड बनाने का खुलासा हुआ है। सोमवार को एसओजी टीम व सिरसिया पुलिस ने संयुक्त रूप से की गई कार्रवाई में एक युवक को गिरफ्तार किया है। इसके कब्जे से पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड बनाने का उपकरण, नकदी व आधार सहित अन्य सामान बरामद हुआ है। इसके खिलाफ केस दर्ज करके जेल भेज दिया गया है। एसओजी टीम प्रभारी नितिन यादव ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि सिरसिया थाना क्षेत्र में छह साल से कूटरचित तरीके से जाति, आय व निवास प्रमाणपत्र और आधार कार्ड बनाया जा रहा है। एक युवक स्कूली बच्चों सहित नेपाली लोगों का भी फर्जी जन्म प्रमाणपत्र के सहारे आधार कार्ड बना रहा है। इसके बदले वह मोटी रकम वसूल करता है। इस पर एसओजी प्रभारी ने थानाध्यक्ष सिरसिया शैलकांत उपाध्याय के साथ मिलकर क्षेत्र के पंडित अर्जुन प्रसाद पब्लिक स्कूल बालापुर में छापेमारी की। वहां से एक युवक को गिफ्तार किया। गिफ्तार युवक की पहचान थाना क्षेत्र के लालपुर कुशमहवा के मजरा तकिया निवासी प्रवीण कुमार मिश्रा पुत्र कपिल मुनि मिश्रा के रूप में हुई। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने दो लैपटॉप, दो मोबाइल, एक प्रिंटर, दो फिंगर स्कैनर, दो जन्म प्रमाण पत्र, 11 आधार कार्ड, आठ बैंक पासबुक, सात आधार एनरोलमेंट स्लिप व 20400 रुपये की नकदी सहित अन्य सामान बरामद किया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी पहले से बने आधार कार्ड को अपडेट करता है। साथ ही गलत तरीके से आधार कार्ड व जन्म प्रमाणपत्र भी बनाता है।