श्रावस्ती में राप्ती नदी के तटबंध से ककरदरी को जाने वाले मार्ग पर बांसगढ़ी के किसानों ने कब्जा कर लिया है। लोक निर्माण विभाग की इस भूमि पर कब्जे के कारण ग्रामीणों को आवागमन में असुविधा हो रही है। इसकी शिकायत पर पैमाइश करने आए लेखपाल को ग्रामीणों ने लौटा दिया। ऐसे में नाराज ककरदरी के ग्रामीणों ने शनिवार को प्रदर्शन कर एसडीएम जमुनहा को शिकायती पत्र सौंपा। एसडीएम जमुनहा प्रवीण कुमार को दिए शिकायती पत्र में ग्रामीणों कहा कि राप्ती नदी के तटबंध से उनके गांव को जोड़ने के लिए लोक निर्माण विभाग की कच्ची सड़क है। इस सड़क को दोनों तरफ से बांसगढ़ी गांव के किसानों ने जोत कर अपने खेत में मिला लिया है। ऐसे में हमारे सामने अपने खेत तक ट्रैक्टर-ट्राली व मवेशियों को ले जाने में असुविधा हो रही है। इसका विरोध करने पर अतिक्रमणकारी जानमाल की धमकी देते हैं। 07 जुलाई को इसकी शिकायत की गई थी। बृहस्पतिवार को भूमि की पैमाइश करने पहुंचे हल्का लेखपाल को अतिक्रमण कारियों ने भूमि की पैमाइश नहीं करने दी। इसके बाद लेखपाल वापस चले गए। ऐसे में ग्रामीणों ने एसडीएम से हस्तक्षेप कर भूमि की पैमाइश कराने, अतिक्रमण हटवाने व मार्ग का निर्माण कराने की मांग की है। प्रदर्शन करने वालों में पारस नाथ, डबलू, तेज प्रकाश, तिलकराम, जगदीश, सोहन, साबित राम, भूरे, रक्षाराम, रामसागर, राम फेरन, राम शंकर व छोंटकाई सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।