अयोध्या भ्रष्टाचार निवारण संगठन की ओर से लेखपाल पर की गई कार्रवाई के विरोध में शनिवार को श्रावस्ती में लेखपाल संघ इकौना ने धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान लेखपालों ने नारेबाजी की और संगठन की कार्रवाई को सुनियोजित करार देते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। प्रदर्शन के बाद लेखपालों ने मुख्यमंत्री को संबोधित मांग पत्र एसडीएम रवींद्र कुमार को सौंपा। प्रदर्शन कर रहे लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष मधुपचंद्र सहाय और तहसील मंत्री विक्रम सिंहने बताया कि यह प्रदर्शन उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ उप शाखा के बैनर तले किया गया है। दोनों ने बताया कि अयोध्या के लेखपाल उत्कर्ष दीप सोहावल तहसील में कार्यरत थे। भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने सुनियोजित तरीके से उनके खिलाफ कार्रवाई कर दी। सीसीटीवी कैमरे में कुछ भी साबित नहीं हो रहा है। संगठन उन्हें जबरन फंसाने की कोशिशें कर रहा है। इस घटना से पूरे प्रदेश के लेखपालों में भारी आक्रोश है। मुख्यमंत्री से प्रकरण की निष्पक्ष जांच करवाने व साथी लेखपाल के खिलाफ की गई कार्रवाई को तुरंत वापस लेने की मांग की गई है। लेखपालों ने चेतावनी दी कि न्याय न मिलने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा। इस दौरान नितेश सिंह, प्रमोद मिश्रा, अमितेश वर्मा, योगेश मिश्रा, सर्वेश सिंह, अनूप कुमार, राजेश वर्मा, शिंपी शुक्ला, आरती शुक्ला, ललिता सिंह आदि मौजूद रहे।