शामली जनपद में दिल्ली-देहरादून हाईवे पर भाजू गांव में कट की मांग को लेकर भाकियू कार्यकर्ताओं, किसानों ने शुक्रवार को भाजू से लेकर कलक्ट्रेट तक करीब 15 किलोमीटर पैदल मार्च निकाला। इस दौरान भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि सरकार किसान विरोधी है। जब तक कट की मांग पूरी नहीं होगी, धरना जारी रहेगा। कलक्ट्रेट में धरने के दौरान प्रशासन से समिति की वार्ता हुई। वार्ता के दौरान तय किया गया कि बिना समिति की सहमति के हाईवे पर काम शुरू नहीं किया जाएगा। इसके बाद धरने को खत्म करने की घोषणा कर दी।