शामली के कैराना क्षेत्र की एक महिला मजदूर की बाइक की टक्कर से मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों को नेशनल हाईवे एंबुलेंस की मदद से सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से घायल बेटी को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। कैराना के मोहल्ला दरबार खुर्द निवासी जयचंद की कई वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है। पारिवारिक सदस्य दादा रामबीर के अनुसार, जयचंद की पत्नी 45 वर्षीय प्रेमो अपनी 25 वर्षीय बेटी पिंकी के साथ बृहस्पतिवार को हरियाणा के पानीपत के सनौली क्षेत्र में मजदूरी करने जा रही थी। बताया गया कि पानीपत रोड पर हरियाणा की ओर टोल प्लाजा से पहले जब मां-बेटी पैदल सड़क पार कर रही थीं, तभी एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में मां-बेटी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि बाइक सवार भी चोटिल हो गया। नेशनल हाईवे एंबुलेंस से दोनों को सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्रेमो को मृत घोषित कर दिया, जबकि पिंकी की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।