शामली जनपद के झिंझाना क्षेत्र के गांव पठानपुरा में चल रही रामलीला में 11वें दिन रावण-अंगद संवाद का मंचन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश आरती से की गई, जिसके बाद दोहे और चौपाइयों के साथ लीला का विधिवत मंचन किया गया। लीला में दिखाया गया कि विभीषण अपने भाई रावण को श्रीराम से संधि करने और माता सीता को लौटाने की सलाह देते हैं। लेकिन रावण क्रोधित होकर विभीषण को दरबार से निकाल देता है। इसके बाद विभीषण श्रीराम की शरण में चले जाते हैं। मंचन में रामसेतु निर्माण की लीला भी प्रस्तुत की गई, जिसमें श्रीराम ने रामेश्वरम में भगवान शिव की स्थापना कर पूजा की और सेतु बनने के बाद अंगद को लंका शांति दूत बनाकर भेजा। वहां अंगद और रावण के बीच रोचक संवाद हुआ, जिसने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। लीला में रावण की भूमिका सनी सैनी, अंगद की विनोद सैनी और विभीषण की भूमिका हिमांशु प्रजापत ने निभाई। मंचन के दौरान कमेटी के सभी सदस्य मौजूद रहे। रामलीला समिति ने बताया कि शुक्रवार को लक्ष्मण शक्ति का मंचन किया जाएगा, जबकि शनिवार को शलोचना शती का मंचन होगा।