शामली में गढ़ी अब्दुल्ला खां गांव में बीती रात एक युवक ने जमील पुत्र अख्तर के घर से साढ़े तीन लाख रुपये नकद और लाखों के जेवरात चोरी कर लिए। चोरी के बाद आरोपी ने डीजल छिड़ककर घर में आग लगा दी, जिससे घरेलू सामान समेत कपड़े, फर्नीचर और जरूरी कागज जलकर राख हो गए। मकान मालिक जमील ने बताया कि यह रकम लोन की किस्त भरने के लिए रखी थी और जेवरात लड़की की शादी के लिए जुटाए गए थे। घटना के वक्त घर में महिलाएं और बच्चे सो रहे थे। आग लगने पर शोर मचाया गया और पड़ोसियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक खंभे के सहारे दीवार फांदते हुए नजर आया है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।