शामली जिले में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री को लेकर प्रकाशित स्टिंग खबर का असर देखने को मिला है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नशीले पदार्थों की तस्करी में लिप्त पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 679 ग्राम चरस बरामद की है। आठ मई को प्रकाशित स्टिंग समाचार में शहर और बनत क्षेत्र में स्मैक, शराब और अन्य नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री का खुलासा किया गया था। समाचार का संज्ञान लेते हुए एसपी एनपी सिंह ने शहर कोतवाली और आदर्श मंडी थाना पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। निर्देश के बाद आदर्श मंडी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों से चार आरोपियों आकाश, अली, सोनू निवासी मोहल्ला रैदासपुरी बनत और आरिस निवासी मोहल्ला प्रेमनगर बनत को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 514 ग्राम चरस बरामद हुई। वहीं शहर कोतवाली पुलिस ने गांव खेड़ीकरमू निवासी अनवर को 165 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही इस मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।