शाहजहांपुर के खुटार में रिश्तेदार को फंसाने की नीयत से एक युवक ने हाईवे पर अपने वाहन में खुद ही आग लगा दी, जब तक फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई, तब तक वाहन पूरी तरह से जल चुका था। पुलिस ने साजिश रचने वाले युवक का शांतिभंग में चालान कर दिया। बुधवार सुबह गांव मलिका निवासी अमित उर्फ गोल्डन अपने टाटा मैजिक वाहन से जिला सीतापुर के थाना सिंधौली के गांव बेनीपुर निवासी अपनी सास सुमन मिश्रा को लेकर पुवायां के गांव बितौनी जा रहा था। नेशनल हाईवे-731 पर सुबह करीब 8:30 बजे खुटार क्षेत्र में गोमती पुल के पास सास को उसने उतार दिया। इसके बाद वाहन में आग लगा दी। आसपास के लोगों ने मामले की जानकारी फायर ब्रिगेड को दी। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। इधर, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोल्डन से पूछताछ की। उसने बताया कि उसके रिश्तेदार ने वाहन रुकवाकर उसमें आग लगा दी और फरार हो गया। शक होने पर सख्ती से पूछताछ की तो सच्चाई बता दी। उसने रिश्तेदार को फंसाने के लिए षड्यंत्र रचा था।