शाहजहांपुर के भावलखेड़ा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय पैतापुर में सोमवार को बड़ा हादसा होने से बचा। विद्यालय परिसर में जिस पेड़ के नीचे पिछले करीब 15 माह से छात्र-छात्राओं की पढ़ाई कराई जा रही थी, वह बारिश के दौरान गिर गया। बारिश के कारण अवकाश होने के कारण बच्चे व स्टाफ नहीं होने से हानि नहीं हुई। विद्यालय स्टाफ के अनुसार, स्कूल का मूल भवन करीब 15 माह पहले जर्जर होने के कारण ध्वस्त कर दिया गया था। इसके बाद से विद्यालय में नया भवन या अतिरिक्त कक्ष नहीं बन सका। ऐसे में शेड और पेड़ों के नीचे कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। कई बार विभागीय अधिकारियों को नए भवन के निर्माण के लिए अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। पेड़ गिरने की घटना के बाद स्टाफ और ग्रामीणों ने सुरक्षित भवन की व्यवस्था कराने की मांग उठाई है। खंड शिक्षा अधिकारी भावलखेड़ा विनय मिश्रा ने बताया कि घटना में किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ है। विद्यालय के जर्जर भवन की नीलामी कराई जा चुकी है। नए भवन का आवंटन नहीं हो सका है।