शनिवार को संसद में पेश बजट में किसान क्रेडिट कार्ड की लिमिट तीन से बढ़ाकर पांच लाख करने पर किसानों ने हर्ष जताया। इससे शाहजहांपुर जिले के करीब दो लाख किसानों को लाभ मिलेगा। अभी तक किसान केसीसी के माध्यम से तीन लाख तक कर्ज बैंक से ले सकते थे। शनिवार को संसद में पेश हुए बजट में यह तय सीमा बढ़ाकर पांच लाख रुपये कर दी गई है। इससे किसानों के बड़े तबके को राहत मिली है। जैतीपुर के ताहरपुर निवासी हरेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि अब कर्ज लेने के लिए किसी के सामने हाथ पसारने की जरूरत नहीं पड़ेगी। किसान की आत्मनिर्भरता बढ़ेगी।