शाहजहांपुर जिले में बढ़ते हादसों को देखते हुए यातायात पुलिस ने बृहस्पतिवार को मैजिक वाहनों के पायदान व ऑटो की अतिरिक्त सीट को अभियान चलाकर कटवाया। दोपहर 12 बजे एसपी सिटी संजय कुमार की मौजूदगी में रोडवेज बस अड्डे पर कार्रवाई शुरू की गई। यातायात पुलिस ने सवारियों को लटकाने के लिए लगे पायदान को चेक कराया। उन्हें दोबारा पायदान नहीं लगवाने की हिदायत देते हुए कटवा दिया, साथ ही ऑटो की अतिरिक्त सीट भी कटवाई गई। कार्रवाई के दौरान 20 वाहनों के पायदान और अतिरिक्त सीट काटी गई। सीओ यातायात संजय सिंह ने बताया कि मैजिक वाहन के पीछे सवारी लटकाकर चलने से आए दिन हादसे होते रहते हैं। यह अभियान लगातार जारी रहेगा।