शाहजहांपुर के कृभको नगर में एक बार फिर अनूठी रामलीला ने दर्शकों का मन मोह लिया। तीन घंटे में रामकथा के सभी प्रसंगों का मंचन किया गया। खास बात ये रही कि इसमें सारे किरदार महिलाओं ने ही निभाए। इसके लिए उन्होंने 45 दिवसीय रंगमंचीय कार्यशाला में पूर्वाभ्यास किया था। मंचन का शुभारंभ मुख्य अतिथि कृभको प्रबंध निदेशक रवि कुमार चोपड़ा और यूनिट प्रमुख वीके सिंह व सुमन चोपड़ा और किरन सिंह ने किया। 31 महिला कलाकारों ने रामकथा के प्रमुख प्रसंगों जैसे राम जन्म, शिक्षा-दीक्षा, ताड़का वध, अहिल्या उद्धार, सीता स्वयंवर, कैकई-दशरथ संवाद, वन गमन, केवट प्रसंग, भरत चित्रकूट में, सीता हरण, अशोक वाटिका, मेघनाथ वध, रावण वध, राजतिलक की लीलाओं का भावपूर्ण मंचन किया।