शाहजहांपुर में स्वतंत्रता दिवस से पहले हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत परिषदीय स्कूलों में तिरंगा यात्रा निकाली गई। छात्र-छात्राओं ने तिरंगा लहराकर भारत माता की जय और राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए प्राणों की आहुति देने वाले बलिदानी अमर रहे के नारे बुलंद किए। भावलखेड़ा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय हथौड़ा में डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बीएसए दिव्या गुप्ता के साथ तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया। वह बच्चों के साथ कुछ दूर तक तिरंगा लेकर साथ भी चले। इसी तरह कंपोजिट विद्यालय अटसलिया में तिरंगा यात्रा निकाली गई। छात्र-छात्राओं ने भारत माता की जय के नारे लगाए। सिंधौली विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय तेरा में छात्रों ने शहीद अशफाक उल्ला खां, शहीद पंडित रामप्रसाद बिस्मिल, शहीद ठाकुर रोशन सिंह समेत बलिदानियों के सम्मान में नारे लगाए। रैली गांव में कई मार्गों से गुजरी। समापन पर प्रधानाध्यापक सरताज अली ने कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना प्रत्येक छात्र की शक्ति है। सहायक अध्यापक दीपा पूनिया, सारिका गुप्ता, रामनरायन, आरफा, सफवान, निशांत, अनितेश आदि मौजूद रहे।