शाहजहांपुर में कॉलेज ऑफ नर्सिंग स्वाशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में बीएससी नर्सिंग के विद्यार्थियों के बीच खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ हो गया। पहले दिन विभिन्न स्पर्धाओं में छात्र-छात्राओं ने प्रतिभा का प्रदर्शन कर बाजी मारी है। सोमवार को खेल स्पर्धा में मेडिकल के विद्यार्थियों ने अपना दम दिखाया। सर्वप्रथम 100 मीटर पुरुष वर्ग की दौड़ कराई गई। इसमें सार्थक सबसे तेज धावक बने। कमलेश ने दूसरा और उज्ज्वल ने तीसरा स्थान पाया। बालिका वर्ग में पुनीता सबसे तेज दौड़कर पहले पायदान पर रहीं। खुशबू ने दूसरा और सपना ने तीसरा मुकाम पाया। कैरम पुरुष वर्ग में सुधांशु प्रथम, चंद्र प्रकाश द्वितीय व हरिश्याम तृतीय रहे। महिला वर्ग में ज्योति ने प्रथम, स्वप्निल ने द्वितीय व आयुषी ने तृतीय स्थान पाया। इससे पहले प्राचार्य डॉ.राजेश कुमार ने फीता काटकर खेलकूद का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क का निवास करता है। नर्सिंग कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ. अपर्णा पांडेय ने खेल भावना को बनाए रखने की अपील की। बताया कि खेलकूद में बीएससी नर्सिंग बैच 2022 से 2025 तक के विद्यार्थी प्रतिभाग कर रहे हैं।