शाहजहांपुर में पिछले एक माह से ग्राम उदरिया कंपोजिट विद्यालय के सामने पानी भरा होने के कारण विद्यालय आने वाले बच्चों को भारी जोखिम उठाना पड़ रहा है। कई बच्चे गंदे पानी में गिर जाने के कारण उनके कपड़े और किताबें भी भीग चुकी हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने पानी को निकालने की प्रधान और खंड शिक्षा अधिकारी से मांग भी की लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। उदारा ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले मजरे का गांव उदरिया में कंपोजिट विद्यालय के गेट के सामने खेत वालों के पानी रोक दिया। इससे गांव का गंदा पानी इकट्ठा हो गया। उसके बाद से विद्यालय में पढ़ने वाले 149 बच्चों को विद्यालय आने में बड़ी मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। इंचार्ज प्रधान अध्यापक राजेंद्र प्रसाद वर्मा ने कई बार संबंधित अधिकारियों और ग्राम प्रधान छत्रपाल को सूचना दी लेकिन कार्रवाई के नाम पर सिर्फ क्षेत्रीय लेखपाल सौरभ सिंह ही मौके पर पहुंचा। लेखपाल द्वारा पानी बंद करने वाले को एक सप्ताह में पानी खोलने में निर्देश दिए, लेकिन आज एक माह से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी स्थित जैसी की तैसी बनी हुई है। इस संबंध में आज बेसिक शिक्षा अधिकारी दिव्या गुप्ता ने बताया स्थित का मालूम है वार्ता कर समस्या का समाधान किया जाएगा। उप जिलाधिकारी तिलहर जीत सिंह राय ने बताया कि आज समस्या संज्ञान में आई है, अभी संबंधित अधिकारियों को मौके पर भेज कर निराकरण कराया जाएगा। खंड विकास अधिकारी पुनीत पाठक ने बताया कि सेक्रेट्री को मौके भेजा है उसकी रिपोर्ट आने पर समस्या दूर करने का कार्य किया जाएगा।