शाहजहांपुर जिले में मिर्जापुर साधन सहकारी समिति में खाद न मिलने से नाराज किसानों ने बुधवार को हंगामा करते हुए मुरादाबाद-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह समझा-बुझाकर ग्रामीणों को शांत किया। करीब आधे घंटे तक हाईवे पर जाम लगा रहा। वाहनों की लंबी कतार लग गई। किसानों का कहना था कि वे कई दिन से खाद के लिए समिति के चक्कर लगा रहे हैं। रोज कल आने की बात कहकर उन्हें टरकाया जा रहा है। उनका खेत सूख रहा है। बुधवार सुबह जब वे लोग समिति पर आए तो सचिव नदारद मिले। मोबाइल पर बात करने का प्रयास किया तो नंबर स्विच ऑफ आ रहा था। इस पर किसान भड़क गए और हंगामा शुरू कर दिया। हाईवे पर जाम लगा दिया।