शाहजहांपुर में राजघाट चौकी से कनौजिया अस्पताल मार्ग पर जाम लगने से शनिवार को करीब 20 मिनट तक स्कूली बच्चों व मरीजों को फंसे रहना पड़ा। इस मार्ग पर सीवर का चैंबर बनाने का कार्य चल रहा है। जिसके लिए जल निगम द्वारा आधी सड़क को खोदकर डाल दिया गया है। शनिवार को अपराह्न तीन बजे ट्रैक्टर ट्रॉली और स्कूली बस के आमने सामने आ गए। उनके पीछे भी तमाम वाहनों के होने से एकाएक जाम की समस्या खड़ी हो गई। सूचना पर यातायात पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके साथ में कुछ जागरुक लोगों ने भी जाम में फंसे वाहनों को निकलवाने के लिए प्रयास शुरू किए। करीब 20 मिनट तक स्कूली बसों के जाम में फंसे रहने से उनमें सवार बच्चे परेशान हुए। राजकीय मेडिकल कॉलेज को जाने वाले मरीजों व तीमारदारों को भी मुसीबत झेलनी पड़ी।